कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका साधना की शादी 5 साल पहले नगला भूरी निवासी देवेश के साथ हुई थी। ससुराल पक्ष डेढ़ लाख रुपए नकद और एक बाइक की मांग कर रहा था। मना करने पर साधना को भूखा-प्यासा रखा जाता था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। पीड़िता ने इस बारे में अपने पिता रवेन्द्र सिंह को बताया था। रवेन्द्र सिंह ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति बताते हुए जन सेवा केंद्र से 60 हजार रुपए ससुराल वालों के खाते में ट्रांसफर किए। पूरी रकम न मिलने पर आरोपियों ने साधना की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पड़ोसी की सूचना पर परिजनों को साधना का शव घर में मिला। पुलिस ने पति देवेश, जेठ पवन कुमार, देवर विकास और वरुण कुमार समेत 12 लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों में सास और दो ननदों के साथ उनके पति भी शामिल हैं। सभी आरोपी फरार हैं।