महराजगंज पुलिस ने सात साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी कन्हैया उर्फ चार्ली को गिरफ्तार कर लिया है। बरगदवा क्षेत्र के महावनाला बगीचा से पकड़े गए चार्ली पर गैंगस्टर एक्ट समेत हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, चोरी और फर्जीवाड़े के मामले दर्ज हैं। नेपाल के नवलपरासी का रहने वाला चार्ली नेपाल और भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार उसका आपराधिक नेटवर्क दोनों देशों में फैला हुआ था। वह संगठित गिरोहों के साथ मिलकर अपराधिक गतिविधियां करता था। एसपी सोमेन्द्र मीना के नेतृत्व में चल रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई। इस ऑपरेशन में एएसपी आतिश कुमार सिंह और सीओ नौतनवा जयप्रकाश त्रिपाठी के निर्देशन में गठित टीम ने अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तारी के समय बरगदवा और ठूठीबारी थानों की पुलिस टीम भी मौजूद थी।