नेपाल से अयोध्या पहुंचे तीन श्रद्धालु:छह लोग अभी भी सिमीकोट में फंसे, परिजन है चिंतित

Sep 13, 2025 - 09:00
 0
नेपाल से अयोध्या पहुंचे तीन श्रद्धालु:छह लोग अभी भी सिमीकोट में फंसे, परिजन है चिंतित
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के सकुशल वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। अयोध्या जिले के नौ श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा पर निकले थे। नेपाल में उपजे हालात के चलते सभी श्रद्धालु फंस गए थे। शुक्रवार को इनमें से तीन श्रद्धालु सुशील राजपाल, विकास गुप्ता और अनूप सिंह सुरक्षित घर वापस लौट आए। शेष छह श्रद्धालु अभी भी नेपाल के हुम्ला जिले के सिमीकोट में चार्टर्ड विमान में आई तकनीकी खराबी के कारण फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि नेपाल सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद वहां बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे। उपद्रवियों ने सरकारी व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया, जिसके चलते नेपाल आने-जाने वाली उड़ानें स्थगित कर दी गईं। इस अचानक उत्पन्न स्थिति ने नेपाल में यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी। अयोध्या के श्रद्धालुओं के नेपाल में फंसे होने की जानकारी मिलते ही उनके परिजन चिंतित हो उठे। परिजनों और शुभचिंतकों ने शासन-प्रशासन से हस्तक्षेप कर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धालुओं को सकुशल घर लाने के प्रयास तेज किए। शुक्रवार को तीन श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी से परिवारों ने राहत की सांस ली, लेकिन अभी भी सिमीकोट में फंसे छह श्रद्धालुओं की चिंता बनी हुई है। सिमीकोट नेपाल का दूरस्थ व दुर्गम इलाका है, जहां मौसम और संसाधनों की कमी के कारण हवाई सेवाएं अक्सर प्रभावित होती रहती हैं। चार्टर्ड विमान में आई खराबी ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें और बढ़ा दी है। फिलहाल परिजन उनके सुरक्षित घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं और निरंतर प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी उनके सकुशल भारत वापसी की कोशिशें की जा रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0