मुरादाबाद में सामाजिक संस्था परिवर्तन 'दी चेंज' ने शनिवार को अपना 9वां स्थापना दिवस 'आभार-2025' वार्षिकोत्सव के रूप में मनाया। आशियाना स्थित रेड सफायर होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था ने वर्षभर के कार्यों, उपलब्धियों और समाजहित में चलाए गए अभियानों को साझा किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिव नाडर फाउंडेशन के एडल्ट लिटरेसी हेड विजय आनंद वर्मा थे। डॉ. हरवंश दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संस्था ने समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। 'वालंटियर ऑफ द ईयर' का सम्मान उदय शर्मा को दिया गया। इस अवसर पर पाठशाला के बच्चों और कंप्यूटर प्रशिक्षण ले रही महिलाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रौढ़ शिक्षा कार्यक्रम पर आधारित एक जागरूकता प्रस्तुति भी दी गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। संस्था ने अपने सोशल पार्टनर्स को भी सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. विशेष गुप्ता, सीए अभिनव अग्रवाल, अनामिका त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गोपी कृष्ण, हेमंत जुनेजा, प्रज्ञा अग्रवाल और नगर संत धीर संत दास जी सहित मुरादाबाद के कई समाजसेवी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष कपिल कुमार ने किया। उपाध्यक्ष हिमांशु सक्सेना, स्वस्ति सिंह, विवेक कुमार, आदित्य कुमार, प्रिंस कुमार सहित संस्था की सभी शाखाओं के पदाधिकारी और स्वयंसेवक भी मौजूद रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि परिवर्तन 'दी चेंज' शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। भविष्य में भी संस्था समाजहित के कार्यों को गति देती रहेगी। कार्यक्रम का समापन देर रात तक उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।