पीलीभीत के बड़ा खुदागंज मोहल्ले में जमीन कब्जे और नक्शा पास कराने का विवाद सामने आया है। स्थानीय निवासी रिजवान ने सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर फर्जी बैनामा कराकर कब्जा करने का प्रयास किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने किसी अन्य भूखंड को दिखाकर उनकी जमीन का नक्शा पास करा लिया। इस मामले में विनिमय क्षेत्र के अवर अभियंता कृष्ण चंद्र पर मिलीभगत के आरोप हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद, अवर अभियंता की शह पर निर्माण कार्य जारी है। रिजवान लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। नियमानुसार नक्शा पास के लिए राजस्व विभाग, नगर पालिका और अन्य विभागों की एनओसी आवश्यक है। लेकिन यहां केवल नगर पालिका की एनओसी पर नक्शा पास कर दिया गया। स्थानीय लेखपाल ने भी पुलिस को निर्माण रोकने का पत्र भेजा था। पीड़ित रिजवान ने कहा कि उन्होंने अपनी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत कई अधिकारियों से की है,लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले का संज्ञान लिया और निर्माण रोकने के निर्देश जारी किए लेकिन विनिमय क्षेत्र के अवर अभियंता की सह पर लगातार निर्माण जारी है। पीड़ित ने कहा कि मामले में विनिमय क्षेत्र के अवर अभियंता की मिलीभगत है। वहीं पूरे मामले पर जब विनिमय क्षेत्र के अवर अभियंता कृष्ण चंद्र से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लगी है निर्माण कर रुकवा दिया गया है जांच की जा रही है। नियम विरुद्ध नक्शा पास होने के सवाल पर कृष्ण चंद्र ने कहा कि मैं फोन पर आपको ऐसे क्या ही बता दूं।