पीलीभीत के मेवातपुर गांव में रविवार सुबह एक तेंदुए ने खेत में काम कर रही महिला पर हमला कर दिया। घटना में 50 वर्षीय जगदेई पत्नी हेमराज घायल हो गईं। महिला गन्ने के खेत में काम कर रही थी, तभी वहां से निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। जगदेई ने अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए का सामना किया। इस दौरान उनके हाथों में गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पीलीभीत के ग्रामीण इलाकों में वन्य जीवों की दहशत बनी हुई है। इसी क्षेत्र के न्यूरिया थाना अंतर्गत मेवातपुर गांव में 9 जून को एक बाघ ने किसान को मौत के घाट उतार दिया था। अब बाघ की दहशत कम होते ही तेंदुए ने दस्तक दे दी है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि वन्य जीव के हमले की जानकारी मिलते ही जांच के लिए स्टाफ को मौके पर भेजा गया है। क्षेत्र में कभी बाघ तो कभी तेंदुए मानव आबादी के करीब पहुंच जाते हैं। न्यूरिया इलाके के कई गांव इन दिनों बाघिन की दहशत से जूझ रहे हैं।