पीलीभीत में धान खरीद में मिली अनियमितता:क्रय केंद्र प्रभारी और सचिव पर FIR का आदेश

Dec 5, 2025 - 16:00
 0
पीलीभीत में धान खरीद में मिली अनियमितता:क्रय केंद्र प्रभारी और सचिव पर FIR का आदेश
पीलीभीत में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के तहत धान खरीद में गंभीर अनियमितता सामने आई है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, पीलीभीत के निरीक्षण के बाद क्रय केंद्र प्रभारी और समिति सचिव के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। कार्यालय सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, पीलीभीत द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि क्रय एजेंसी पी०सी०यू० द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र बी-पैक्स लि० घुघचइया समिति परिसर का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी ऋषिकांत उपस्थित मिले। ऑनलाइन क्रय पंजिका के अवलोकन से पता चला कि 61 किसानों से 528.02 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी, जिसके सापेक्ष केवल 225.00 मीट्रिक टन धान ही मिल को डिलीवर किया गया था। किसानों ने बताया कि क्रय केंद्र पर शेष धान भौतिक रूप से उपलब्ध नहीं था। क्रय पंजिका में दर्ज दो किसानों- सुरेश पुत्र राजेन्द्र और अजय कुमार वर्मा पुत्र राम कुमार वर्मा से रैंडम आधार पर मोबाइल पर संपर्क किया गया। दोनों किसानों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपना धान क्रय केंद्र पर नहीं, बल्कि सीधे मिल पर बेचा था और केंद्र पर केवल अंगूठा लगाया था। इस खुलासे से यह स्पष्ट हो गया कि केंद्र प्रभारी ऋषिकांत सीधे किसानों से धान खरीदने के बजाय बिचौलियों या मिलर से धान की खरीद कर रहे थे। जो धान क्रय नीति का सीधा उल्लंघन है। इसके अतिरिक्त, समिति के सचिव सहुदल साजुद्दीन भी अपने पदीय दायित्वों का ठीक से निर्वहन नहीं कर रहे थे, जिससे यह प्रमाणित होता है कि अनाधिकृत और फर्जी धान खरीद में दोनों की मिलीभगत थी। इन गंभीर अनियमितताओं के मद्देनजर, जिला प्रबंधक, पी०सी०यू०, जनपद-पीलीभीत को तत्काल प्रभाव से केंद्र प्रभारी ऋषिकांत और समिति सचिव सहुदल साजुद्दीन के विरुद्ध संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने का सख्त निर्देश दिया गया है। साथ ही, उक्त क्रय केंद्र पर धान की खरीद पर तत्काल रोक लगाने का आदेश भी जारी किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0