रायबरेली में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रायबरेली में शुक्रवार सुबह ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. जसवीर सिंह ने सुबह 7:05 बजे रिजर्व पुलिस लाइन से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देना था। ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली पुलिस लाइन चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक निकाली गई। रैली में पुलिस अधिकारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। पूरे रास्ते में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “एकता का संदेश” के नारों से माहौल देशभक्ति से गूंज उठा। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भी प्रभारी निरीक्षकों के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर यह कार्यक्रम एक साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण नवहार सहित सैकड़ों समाजसेवी, पुलिसकर्मी और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली के दौरान “भारत माता की जय” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।