फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के झलकारी नगर में गुरुवार शाम को एक 37 वर्षीय युवक ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान नितिन शंखवार (37) पुत्र सेवकराम के रूप में हुई है, जो पेशे से बेलदार था। बताया गया कि घटना के समय उसके पिता सेवकराम काम पर गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने अपने बेटे को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, नितिन की पत्नी रिंकी लगभग दो महीने पहले उससे नाराज़ होकर अपने मायके चली गई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। सूचना मिलने पर थाना उत्तर पुलिस इंस्पेक्टर अंजीश कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। इंस्पेक्टर अंजीश कुमार ने बताया कि "मृतक नितिन शंखवार ने घर में पंखे से फांसी लगाकर जान दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव सामने आया है, लेकिन सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान लेने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।