बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित जिला कारागार में एक विचाराधीन बंदी की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिनावर थाना क्षेत्र के पुट्टीसराय निवासी राकेश (पुत्र मोहनलाल) के रूप में हुई है। राकेश पास्को एक्ट के तहत 24 मार्च 2023 से जिला जेल में बंद था। उसकी तबीयत 1 मई से खराब चल रही थी। वह डायरिया से पीड़ित था। इसके चलते उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल कर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। इधर, जेलर रणंजय सिंह ने बताया कि बंदी डायरिया से ग्रसित था। आज हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, उस वक्त भी उसे उल्टियां हो रही थीं। एंबुलेंस से उसे अस्पताल ले जाया गया, वहां उसकी मौत हो गई।