बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में इस्लामगंज गांव के पास एमएफ हाइवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान मूसाझाग थाना क्षेत्र के करौलिया गांव निवासी ऊषा के रूप में हुई है। वह अपने पति सचिन के साथ भसराले से दवा लेकर बाइक से घर लौट रही थी। इस्लामगंज के पास पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने ऊषा को मृत घोषित कर दिया। सचिन का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के अनुसार, सचिन और ऊषा की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। हादसे की खबर से परिवार में शोक की लहर है।