बदायूं में रविवार रात से शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी आधी रात को झमाझम बारिश में बदल गई। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सुबह भी हल्की फुहार जारी है। शहर और देहात इलाकों में रविवार को बारिश हुई। रात 11 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। यह आधी रात तक तेज बारिश में बदल गई। शहर की गलियों, चौराहों और मुख्य बाजार में जगह-जगह पानी भर गया है। निचले इलाकों में स्थिति ज्यादा खराब है। टिकट गंज, शहबाजपुर, पटियाली सराय, नई सराय, ब्रह्मपुर, जवाहरपुरी, आर्य समाज, छह सड़का और गांधी ग्राउंड में पानी भर गया है। काली सड़क, पंजाबी चौक, मीरा जी चौकी, सोता और कबूलपुर जैसे ऊपरी इलाकों में जलभराव नहीं है। लेकिन बारिश के कारण लोग घरों में ही हैं। नौकरीपेशा और व्यापारियों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने शाम तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है। बारिश से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। पारा फिलहाल 27 डिग्री सेल्सियस है। नेकपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बने अंडरपास में भी जलभराव हो गया है। रेलवे अधिकारियों ने राहगीरों को अंडरपास का उपयोग न करने की सलाह दी है। अधिकतर लोग ओवरब्रिज से आवागमन कर रहे हैं।