बहन की शादी में आए युवक की करंट से मौत:गुजरात से आया था घर, पंखा ठीक करते समय हुआ हादसा

May 15, 2025 - 17:00
 0
बहन की शादी में आए युवक की करंट से मौत:गुजरात से आया था घर, पंखा ठीक करते समय हुआ हादसा
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर बारी पुरवा में गुरुवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। गुजरात के बलसाड से अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने आए 26 वर्षीय सुमंत राजभर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है। सुमंत बुधवार शाम को ही घर पहुंचा था। वह घर में चौकी पर कुर्सी रखकर पंखा ठीक कर रहा था। इसी दौरान पंखे का लाइव तार गिरने से वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा ले गए। चिकित्सकों ने आधे घंटे तक बचाने का प्रयास किया। लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सुमंत तीन भाइयों में से दूसरे नंबर का था। बड़े भाई सोनू राजभर 30 वर्ष और छोटे भाई नारद राजभर 22 वर्ष के हैं। सभी भाई मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सुमंत बलसाड में एक फैक्ट्री में काम करता था। उसी दिन उसके चाचा विश्वनाथ राजभर की बेटी रानी की बारात बलिया जनपद के रसड़ा से आनी थी। घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था। इस हादसे से मां ज्योतिया देवी और दोनों भाइयों सहित पूरा परिवार शोक में डूब गया है। खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0