बागपत जनपद में कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। नेशनल हेराल्ड और यंग इंडिया मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष रूबी कश्यप और बड़ौत शहर अध्यक्ष राम हरि पंवार के नेतृत्व में हुआ। दोपहर करीब 1 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता चंद्रावल रोड स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष रूबी कश्यप ने कहा कि नेशनल हेराल्ड यंग इंडिया प्रकरण में कांग्रेस के बड़े नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्रवाई भाजपा के इशारे पर की जा रही है, जिसका उद्देश्य लोकतंत्र को कमजोर करना है। कांग्रेस पार्टी ऐसे दबाव में नहीं आएगी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। बड़ौत शहर अध्यक्ष राम हरि पंवार ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी कार्रवाई बंद नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे लेकर भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। भाजपा कार्यालय के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हालात को नियंत्रण में रखा और प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।