कासगंज जिले के किसरौली गांव में रविवार रात एक युवक का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। युवक के शरीर पर चोटों के निशान थे, जिससे उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और सदर सीओ आंचल चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना सदर कोतवाली कासगंज क्षेत्र के किसरौली से नमेनी जाने वाले मार्ग पर मोती बंबा के पास हुई। सड़क किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक ट्रैक्टर भी खड़ा मिला। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि मृतक की पहचान बुलंदशहर के थाना छतारी अंतर्गत टुंडा खेड़ा गांव निवासी रिंकू (30) पुत्र भूरे सिंह के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताविक मृतक रिंकू की ससुराल सोरोंजी थाना क्षेत्र के बिरौची गांव में है। वह रविवार को ट्रैक्टर का सामान लेने के लिए बुलंदशहर से अपनी ससुराल आया था। सामान लेकर वह वापस बुलंदशहर जा रहा था, तभी रास्ते में नगला नमेनी के पास उसका शव मिला। रिंकू की मौत की सूचना मिलने पर परिजन बुलंदशहर से कासगंज के लिए रवाना हो गए हैं।