बुलंदशहर में एक गर्भवती महिला ने अस्पताल ले जाते समय 108 एंबुलेंस में एक बच्चे को जन्म दिया। प्रसव एंबुलेंस को रास्ते में रोककर कराया गया। फिलहाल, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। यह घटना सलेमपुर क्षेत्र के रसीदपुर गांव की है। सबदर अली की पत्नी गुड़िया को बुधवार सुबह प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर मदद मांगी। एंबुलेंस 10 मिनट के भीतर महिला को लेने पहुंच गई। एंबुलेंस चालक गर्भवती महिला और उसके परिजनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के लिए रवाना हुआ। रास्ते में गुड़िया की प्रसव पीड़ा अचानक बढ़ गई। इस पर ईएमटी मुनीश अहमद ने एंबुलेंस को रोका और परिजनों से बात करने के बाद आशा कार्यकर्ता के सहयोग से एंबुलेंस के अंदर ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर सर्वोत्तम यादव ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। उन्हें कुछ देर के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।