औरंगाबाद थाना क्षेत्र के दौलताबाद गांव में बीती रात एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजय अपने एक साथी के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में दो अज्ञात युवक घूमते हुए दिखाई दिए। संजय ने जब उन्हें टोका, तो उन्होंने सीधे फायर कर दिया। गोली लगते ही संजय लहूलुहान होकर गिर पड़ा। साथी ने किसी तरह मदद जुटाई और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। एसएसपी पहुंचे मौके पर, जांच के लिए विशेष टीम गठित घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और वहां से एक हथियार भी बरामद हुआ है। एसएसपी ने बताया कि हत्या की जांच के लिए एक विशेष टीम बना दी गई है। टीम को कई पहलुओं पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। गाजियाबाद में रहता है परिवार, गांव में अकेला था संजय पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक संजय की पत्नी और दो बच्चे गाजियाबाद में रहते हैं। संजय गांव में अकेला रह रहा था। पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान में जुटी है। एसएसपी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।