चंदौली के सकलडीहा तहसील प्रशासन ने बैंक का बकाया न चुकाने पर एक किसान की जमीन कुर्क कर ली है। महरखा गांव के अनिल कुमार पासवान पर बैंक का 9.56 लाख रुपए बकाया था। बैंक ने पहले नोटिस जारी किया, लेकिन पासवान ने कोई राशि जमा नहीं की। इसके बाद बैंक ने आरसी जारी कर तहसील को भेजी। तहसील ने भी नोटिस जारी किया। इस पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। फिर वारंट जारी किया गया। इस दौरान बकाएदार फरार हो गया। एसडीएम कुंदन राज कपूर के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने पासवान की आराजी नंबर 417 की जमीन को कुर्क कर लिया है। एक महीने बाद इस जमीन की नीलामी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बकाएदारों में हड़कंप मच गया है।