अमेठी में दीपावली की रात भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ल के जूते के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के जूते जलकर राख हो गए। घटना के बाद व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने पीड़ित को आर्थिक सहायता प्रदान की है। राजेश शुक्ल संग्रामपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं और जूतों का थोक कारोबार करते हैं। उनका गोदाम कस्बे के आर्यसमाज स्कूल के पास महादेव गुप्ता के मकान में स्थित है। अज्ञात कारणों से लगी इस आग से गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल खाक हो गया। हादसे के बाद व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने पीड़ित भाजपा नेता को 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है। उन्होंने हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने व्यापारियों और सर्व समाज से अपील की है कि वे पीड़ित व्यापारी की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि व्यापारी की कोई जाति नहीं होती, जो व्यापार करता है, वही व्यापारी होता है। जिलाध्यक्ष ने अमेठी के जनप्रतिनिधियों और पार्टी नेताओं से भी जरूरतमंदों की मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने कुछ लोगों द्वारा 'बनियों का व्यापार मंडल' कहे जाने पर स्पष्ट किया कि यह सभी व्यापारियों का संगठन है।