आंध्रप्रदेश के तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने अपने सहायक कार्यकारी अधिकारी (AEO) ए. राजशेखर बाबू को सस्पेंड कर दिया है। उन पर आरोप है कि वे हर रविवार अपने शहर पुत्तूर (तिरुपति जिला) में चर्च की प्रार्थना में शामिल होते थे और ईसाई धर्म का प्रचार करते थे। TTD ने कहा कि यह संस्था के नियमों का सीधा उल्लंघन है क्योंकि TTD एक हिंदू धार्मिक ट्रस्ट है और उसके कर्मचारियों को अन्य धर्मों की गतिविधियों में शामिल नहीं होना चाहिए। TTD की सतर्कता टीम ने जांच की और एक वीडियो भी सामने आया जिसमें राजशेखर बाबू चर्च में प्रार्थना करते दिखे। इसके बाद कार्रवाई की गई। TTD पहले भी ऐसे मामलों में सख्त रहा है। कुछ समय पहले 18 कर्मचारियों को इसी तरह की धार्मिक गतिविधियों के कारण ट्रांसफर किया गया था। संस्था ने कहा कि सभी कर्मचारियों को नियमों का पालन करना जरूरी है। आज की अन्य बड़ी खबरें... दिल्ली के वसंत कुंज में तीन भाइयों ने युवक की चाकू मारकर हत्या की, मामला दर्ज दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में मंगलवार को झगड़े के दौरान तीन भाइयों ने मिलकर 24 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना अरविंद कैंप में हुई। आरोपी भाइयों रवि, राहुल और राजकुमार ने सनी को पहले रोका और फिर रवि ने चाकू से कई बार वार किए। घायल सनी को स्पाइनल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को वसंत कुंज नॉर्थ थाने में पीसीआर कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़ी जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।