मथुरा में यमुना में डूबे युवक का शव मिला:रविवार को स्नान के दौरान डूबा था युवक, परिवार में शोक

Nov 5, 2025 - 21:00
 0
मथुरा में यमुना में डूबे युवक का शव मिला:रविवार को स्नान के दौरान डूबा था युवक, परिवार में शोक
मथुरा के थाना शेरगढ़ क्षेत्र में यमुना नदी में डूबे एक युवक का शव बुधवार सुबह बरामद हुआ। युवक रविवार को डूबा था। मृतक की पहचान गांव सेही निवासी 32 वर्षीय बॉबी पुत्र पप्पू के रूप में हुई है। बॉबी रविवार सुबह यमुना नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज धारा में बह गया। नदी किनारे उसके कपड़े और चप्पलें मिली थीं, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों ने भी घंटों खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे गांव रासौली के पास यमुना नदी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शव की पहचान बॉबी के रूप में की और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। थाना शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में दुख का माहौल छा गया। परिजनों ने बताया कि बॉबी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार को गहरा आघात लगा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना शेरगढ़ प्रभारी ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0