महराजगंज के कलेक्ट्रेट परिसर में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षा हाट 2025 का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल और विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों ने आकांक्षा हाट में लगे स्टॉल्स का अवलोकन भी किया। जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने कहा कि आकांक्षा हाट का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। यह मंच महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि यह हाट स्थानीय महिलाओं, युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार के अवसर देगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में संचालित योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से कार्य कर रही हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में बताया कि यह सम्मान समारोह फ्रंटलाइन वर्कर्स के परिश्रम के सम्मान का प्रतीक है। आकांक्षा हाट, मिठौरा ब्लॉक में संचालित योजनाओं की सफलता का परिचायक है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग भारत सरकार द्वारा चयनित आकांक्षात्मक जनपदों में जुलाई 2024 से सितम्बर 2024 तक "संपूर्णता अभियान" चलाया गया था। इसमें जनपद महराजगंज के मिठौरा ब्लॉक ने गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीकरण एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निचलौल ब्लॉक ने स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर 01 करोड़ रुपए की विशेष धनराशि प्राप्त की। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 6 ब्लॉक — पनियरा, परतावल, सदर, मिठौरा, निचलौल और नौतनवा — आकांक्षी ब्लॉकों में शामिल हैं। उन्होंने इन क्षेत्रों में सभी संकेतकों पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने हेतु समन्वित प्रयासों पर बल दिया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी और अर्थ व संख्या अधिकारी ने संपूर्णता अभियान के प्रमुख पहलुओं पर प्रकाश डाला। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने स्वरोजगार की अपनी प्रेरणादायी कहानियां भी साझा कीं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला, नीति आयोग के प्रतिनिधि श्री अमितेश कुमार पाण्डेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।