महिला का 4.5 लाख का सोने का हार चोरी:देवरिया में छठ पूजा पर दो महिला, एक पुरुष गिरफ्तार

Oct 29, 2025 - 09:00
 0
महिला का 4.5 लाख का सोने का हार चोरी:देवरिया में छठ पूजा पर दो महिला, एक पुरुष गिरफ्तार
देवरिया जिले के भाटपाररानी थाना क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, भाटपाररानी कस्बे के मालवीय रोड निवासी राजू रौनियार की पत्नी शिखा देवी मंगलवार की भोर में रानी पोखरा छठ घाट पर पूजा करने गई थीं। भीड़ का फायदा उठाकर दो संदिग्ध महिलाओं में से एक ने उनके गले से करीब 37 ग्राम वजनी सोने का हार चुरा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत 4.5 लाख रुपए है। चोरी का एहसास होने पर शिखा देवी ने शोर मचाया। दोनों महिलाएं भागने लगीं, जिस पर घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने एक महिला स्नेचर को पकड़ लिया। हालांकि, दूसरी महिला अपने साथी युवक के साथ बाइक पर फरार हो गई। सूचना मिलते ही एसओ भाटपाररानी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पकड़ी गई महिला को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस ने घाट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे फरार आरोपियों की पहचान हो सकी। पकड़ी गई महिला की निशानदेही पर पुलिस ने सलेमपुर क्षेत्र के बेलपार टोला में छापेमारी कर फरार हुई महिला और उसके पुरुष साथी को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि छठ पूजा के दौरान रानी पोखरा घाट से महिला के गले से सोने का हार चुराए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर एक महिला को पकड़ा गया था और सीसीटीवी की मदद से अन्य दो आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0