बहराइच जिले के कैसरगंज में जंगली जानवर के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार सुबह दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और पांच साल की बच्ची घायल हो गईं। दोनों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। पहली घटना कैसरगंज के गोडहिया नंबर एक ग्राम के मजरा ठगपुरवा में हुई। यहां महादेव गौतम की पत्नी सोनी अपने घर के आंगन में लेटी थी। तभी जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। परिजनों के शोर मचाने पर जानवर भाग गया। हमले में सोनी के चेहरे पर घाव हो गए, जिसके बाद उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पांच वर्षीय वंशिका पर हमला कर दिया दूसरी घटना कोदई ग्राम में सामने आई। यहां जानवर घर में घुस आया और पांच वर्षीय वंशिका पर हमला कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों के दौड़ने पर जानवर वहां से भाग निकला। वंशिका की पीठ पर घाव हुए हैं और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इस इलाके में बीते एक माह से अधिक समय से आदमखोर भेड़िए का आतंक बना हुआ है। इनके हमलों में अब तक चार मासूमों और एक दंपत्ति सहित कुल छह लोगों की मौत हो चुकी है। वन विभाग की बीस से अधिक टीमें इन जानवरों को पकड़ने के लिए पूरे क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान (कॉम्बिंग) चला रही हैं।