कुशीनगर के राजकीय महिला इंटर कॉलेज, हाटा में 3 सितंबर को संकल्प हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चंद्र त्रिपाठी ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला कल्याण विभाग की योजनाओं से अवगत कराया गया। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना प्रमुख थीं। छात्राओं को आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098, वन स्टॉप सेंटर के लिए 181, वुमेन हेल्पलाइन के लिए 1090, आपातकालीन सेवाओं के लिए 112 और एंबुलेंस सेवाओं के लिए 108, 102 नंबर बताए गए। कार्यक्रम में पैम्फलेट वितरित किए गए। कन्या सुमंगला योजना के फॉर्म भरने का तरीका भी विस्तार से समझाया गया। डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीती सिंह और बंदना कुशवाहा कार्यक्रम में मौजूद रहे। वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक रीता यादव भी उपस्थित थीं। विद्यालय की प्राचार्य सरोज दूबे और आचार्य कृष्णा दूबे सहित अन्य शिक्षिकाएं और करीब 800 छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।