महोबा के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के सूपा गांव में शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई। गांव का 40 वर्षीय मानसिंह अर्जुन नदी में बह गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मानसिंह दोपहर के समय पुलिया के किनारे शराब के नशे में बैठा था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह नदी में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। युवक के चाचा जमुना ने बताया कि मानसिंह को शराब की लत थी। वह अक्सर नदी किनारे बैठा करता था। शनिवार को भी वह पुलिया पर बैठकर नीचे बहते पानी को देख रहा था। इसी दौरान वह अचानक फिसल गया और नदी की तेज धारा में बह गया। सूचना मिलते ही चरखारी कोतवाली पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी है। लेकिन चार घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। नदी के किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर दुख और चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। युवक को जल्द से जल्द ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अर्जुन नदी के किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने कहा है कि जब तक युवक का पता नहीं चलता, तलाश जारी रखी जाएगी।