मुजफ्फरनगर के शुक्र तीर्थ खादर क्षेत्र में सोलानी नदी उफान पर है। पिछले 5 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है। नदी का पानी खेतों, खलियानों और गांव के रास्तों में भर गया है। खादर क्षेत्र के किसानों की हजारों बीघा गन्ने की फसल पानी में डूब गई है। गांव के रास्तों पर कई फीट पानी भरा होने से ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। इससे आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों के सामने पशुओं के लिए चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है। जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए 10 बाढ़ चौकियां और 16 शरणस्थल स्थापित किए हैं। बारिश के कारण अब तक 23 मकान आंशिक रूप से और एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। प्रशासन पीड़ितों को जल्द ही आर्थिक सहायता देने की योजना बना रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौजूदा स्थिति 2013 की बाढ़ जैसी है। प्रशासन का दावा है कि अभी बाढ़ का पानी गांव के अंदर नहीं घुसा है। हालांकि, लगातार बढ़ते जलस्तर से आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।