मुरादाबाद नगर निगम ने दो नई परियोजनाओं का शुभारंभ किया है। रविवार को 5D मोशन थिएटर और 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्शन का ट्रायल शो आयोजित किया गया। 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्शन देश का पहला प्रोजेक्शन बताया जा रहा है। मेयर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने इन दोनों परियोजनाओं का ट्रायल किया। प्रोजेक्ट का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 48 सीटर 5D मोशन थिएटर में देशभक्ति से ओत-प्रोत शॉर्ट फिल्में दिखाई जाएंगी, जो दर्शकों को रोमांचक अनुभव प्रदान करेंगी। 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्शन के माध्यम से सावित्री सत्यवान की कथा, शहर के पीतल कारोबार और गंगा जमुनी तहज़ीब पर बनी क्लिप्स दिखाई गईं। यह प्रोजेक्शन शहर के लोगों को अपनी समृद्ध संस्कृति और इतिहास से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। इन परियोजनाओं के शुरू होने से मुरादाबाद के लोगों को गर्मी की छुट्टियों में मनोरंजन के नए साधन मिलेंगे। छात्र और अभिभावक इन दोनों परियोजनाओं का आनंद ले सकेंगे। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य मुरादाबाद की जनता को उनके शहर में ही मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराना है। नगर निगम चाहता है कि लोग मनोरंजन के लिए बाहर न जाएं, बल्कि दूसरे शहरों के लोग मुरादाबाद का विकास देखने और मनोरंजन करने के लिए यहां आएं। नगर आयुक्त ने नगर निगम के ज़रिए शहर के विकास के लिए लाई गई योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।