मेरठ में सोमवार को लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा। उमस के चलते लोग पसीना-पसीना रहे। दोपहर को तापमान 34 डिग्री को पार कर गया। शाम को हल्के बादल छाने से मौसम में कुछ बदलाव आया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को राजकीय मौसम विभाग कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 80 एवं न्यूनतम आर्द्रता 66 प्रतिशत दर्ज की गई।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार मौसम में अधिक गर्मी का बढ़ना मौसम में बदलाव का संकेत दे रहा है। जिस तरह से अचानक फिर से दो दिन में गर्मी बढ़ी है, उसके बाद अब मौसम में बदलाव होगा। अगले 24 घंटे में हल्की हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इसके साथ ही गर्मी बढ़ने से मेरठ में प्रदूषण के स्तर में भी बढ़ोतरी होने लगी है।