यमुना नदी में डूबा 20 साल का युवक:जालौन में नहाते समय हादसा, अगले दिन सुबह मिला शव

May 15, 2025 - 17:00
 0
यमुना नदी में डूबा 20 साल का युवक:जालौन में नहाते समय हादसा, अगले दिन सुबह मिला शव
जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र के दमदमा में उस समय मातम छा गया, जब यमुना नदी में डूबे युवक का शव सुबह बरामद किया गया। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है, जब दमदमा निवासी फहीम का 20 वर्षीय बेटा मुकीम अचानक घर से निकलकर वापस नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार, मुकीम बुधवार शाम लगभग 4 बजे घर से निकला था। जब देर रात तक वह वापस नहीं आया तो चिंतित परिवार ने कालपी कोतवाली में सूचना दी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। तभी मछली पकड़ रहे कुछ लोगों ने जानकारी दी कि उन्होंने शाम करीब साढ़े 7 बजे एक युवक को यमुना नदी में नहाते हुए देखा था, जो नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। परिजनों ने तुरंत यह जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मुकीम का शव यमुना नदी से बरामद कर लिया गया। घटनास्थल पर पहुंचे एसआई जितेंद्र सिंह ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे दुर्घटनावश डूबने का मामला मान रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। मुकीम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर फैल गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0