जौनपुर जिले में रक्षाबंधन के अवसर पर परिवहन विभाग द्वारा 97 रोडवेज बसें महिलाओं के लिए चलाई जा रही हैं। महिलाएं अपने भाइयों के घर राखी बांधने के लिए इन बसों में मुफ्त यात्रा कर रही हैं। जौनपुर रोडवेज बस स्टॉप पर महिलाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। जिले में कुल 80 नगर निगम और 17 अनुबंधित बसें सेवा दे रही हैं। बसें पूरी तरह भरी होने के बावजूद महिलाएं किसी तरह से बस में चढ़ने का प्रयास कर रही हैं। जौनपुर रोडवेज डिपो से महिलाएं वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, आजमगढ़ सहित अन्य जगहों तक यात्रा कर रही हैं।
तीन तस्वीरों में देखिए बस का इंतजार करती महिलाएं.. सभी महिलाओं को 10 अगस्त रात्रि 12:00 बजे तक निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। रोडवेज बस स्टॉप पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा के बारे में पहले से ही जानकारी दी जा रही है। इससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। जौनपुर परिवहन निगम की एआरएम ममता दुबे ने बताया कि वे महिलाओं को निशुल्क यात्रा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस बार महिलाओं के साथ एक पुरुष को भी मुफ्त यात्रा की अनुमति दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई ड्राइवर या कंडक्टर किसी महिला यात्री से टिकट का पैसा लेता है तो शिकायत मिलने पर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सुबह से ही अधिकारी रोडवेज डिपो पर मौजूद हैं। वे बसों को विभिन्न स्थानों के लिए भेज रहे हैं।