रामपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार को उन्होंने जुमे की नमाज अदा की और तुरंत अपने घर लौट गए। इस दौरान उन्होंने किसी से मुलाकात नहीं की। इसके बाद उन्होंने परिवार के लोगों से तबीयत खराब होने की बात बताई। जानकारी के अनुसार, शहर के टंकी नंबर 5 स्थित आजम खान के आवास पर उनके पारिवारिक डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। बीते गुरुवार को आजम खान अपने एक मुकदमे की सुनवाई के लिए कोर्ट में पेश नहीं हुए थे। उनके वकील ने कोर्ट में हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें उनकी खराब तबीयत का हवाला दिया गया था। आज भी उनके घर के बाहर मौजूद लोगों ने बताया कि वे आजम खान से मुलाकात नहीं कर पाए, जिससे उनके अस्वस्थ होने की जानकारी मिलती है। नमाज के बाद भी वह सीधे घर लौट गए और किसी से नहीं मिले।