रामपुर हत्या मामले में 3 पर मुकदमा दर्ज:जमीनी रंजिश में युवक की हत्या का आरोप, खेत में मिला था शव

Nov 10, 2025 - 01:00
 0
रामपुर हत्या मामले में 3 पर मुकदमा दर्ज:जमीनी रंजिश में युवक की हत्या का आरोप, खेत में मिला था शव
रामपुर के मिलक क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह रामनगर स्थित बेगमाबाद रोड पर एक खेत के किनारे सूरज पुत्र कड़े राम का शव रक्त रंजित हालत में मिला था। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सूरज शुक्रवार शाम को घर से निकला था, लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव खेत में पाया गया। मृतक के पिता कड़ेराम ने पुलिस को बताया कि उनकी गांव में रहने वाली सौतेली बहन रेखा से जमीनी रंजिश चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूरज की हत्या रेखा के भांजों वीरेंद्र, हरप्रकाश और कृष्ण पाल ने की है। पुलिस ने तीनों सगे भाइयों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक सूरज की पत्नी शबनम ने बताया कि उनके पति का प्रेम विवाह हुआ था। वे पहले दिल्ली में ट्रक चलाते थे। परिवार में पति, ससुर कड़े राम, सास सुनीता और ननद सिमरन थे। शबनम ने आरोप लगाया कि आरोपियों के साथ जमीन को लेकर परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। शबनम के अनुसार, कुछ साल पहले आरोपियों ने इसी जमीनी विवाद के चलते उनकी सास सुनीता को गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उपचार के बाद उनकी जान बचाई जा सकी थी। जमीन को लेकर आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में भी मामला चल रहा है। शबनम ने बताया कि पूर्व में आरोपियों ने कोर्ट केस और जमीनी रंजिश के कारण उनके घर में घुसकर मारपीट भी की थी। उनका आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके पति की हत्या कर दी गई है। कोतवाल पुष्कर सिंह गंगवार ने जानकारी दी कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0