एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र के नगला राजा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक पक्ष से सरिता देवी (30), कांता देवी (50), महिपाल सिंह (45) और सत्यपाल सिंह (48) शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से बबीता (30) घायल हुई हैं। घायल बबीता ने बताया कि वह अपने खेत पर पानी भरने जा रही थीं, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिए, जिससे वह घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि उन्हें विवाद के वास्तविक कारण की पूरी जानकारी नहीं है। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि उन्होंने यह प्लॉट खरीदा है, लेकिन दूसरा पक्ष उस पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए है। उनका कहना है कि जब वे प्लॉट पर काम करने गए, तभी उन पर हमला कर मारपीट की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाकर उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश कुमार दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।