रोडवेज बस ने खड़ी बाइक को मारी टक्कर:फर्रुखाबाद में भाई-बहन की मौत, इटावा-बरेली हाइवे पर हादसा

May 14, 2025 - 17:00
 0
रोडवेज बस ने खड़ी बाइक को मारी टक्कर:फर्रुखाबाद में भाई-बहन की मौत, इटावा-बरेली हाइवे पर हादसा
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। रोडवेज बस ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार भाई-बहन की मौत हो गई। घटना बुधवार की है। हरदोई जिले के थाना पाली क्षेत्र के गांव बैजूपुर निवासी शारदा देवी (32) अपने भाई अवध सिंह (20) के साथ पांचाल घाट जा रही थी। उनके जीजा सुनील को गंगा का पहनावन करना था। परिवार के अन्य सदस्य ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से आ रहे थे। गांव गांधी के पास अवध पानी पीने के लिए रुका। पानी पीने के बाद जब वह बाइक स्टार्ट कर रहा था, तभी फर्रुखाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। घायल भाई-बहन को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने शारदा देवी को मृत घोषित कर दिया। अवध सिंह को भर्ती किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। अवध सिंह देहरादून में नौकरी करता था। उसकी छोटी बहन की शादी 10 मई को हुई थी, जिसके लिए वह 3 मई को घर आया था। वह आठ भाई-बहनों में छठे नंबर का था। दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया मृतक 32 वर्षीय शारदा के दो बेटे हैं। एक 12 वर्ष का मनीष तो दूसरा 7 वर्ष का नवीन है। दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। मां की मौत के कारण बच्चे भी बिलख रहे थे। हालांकि पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साले और साली की मौत से सुनील का गंगा पहनावन का सामान रखा रह गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0