लखनऊ की हवा अब भी जहरीली:देश के प्रदूषित शहरों में 30वें नंबर पर पहुंचा, AQI 239; 3 दिन बारिश का अलर्ट

Oct 24, 2025 - 09:00
 0
लखनऊ की हवा अब भी जहरीली:देश के प्रदूषित शहरों में 30वें नंबर पर पहुंचा, AQI 239; 3 दिन बारिश का अलर्ट
दीपावली के बाद से राजधानी लखनऊ की हवा में लगातार जहर घुला हुआ है। शुक्रवार की सुबह 8 बजे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 239 दर्ज किया गया, जो हानिकारक श्रेणी में माना जाता है। इससे पहले गुरुवार को यह आंकड़ा 247 तक पहुंचा था। विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह के वक्त हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित होती है, ऐसे में मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। मौसम वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि लखनऊ का दिन का तापमान अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रिकार्ड किया जाएगा। देश में 30वें स्थान पर लखनऊ शुक्रवार की सुबह जारी आंकड़ों में लखनऊ देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 30वें स्थान पर दर्ज किया गया। यह स्थिति तब है जब दीपावली को बीते कई दिन हो चुके हैं। बावजूद इसके, हवा की गुणवत्ता में कोई बड़ा सुधार नहीं देखा गया है। दीपावली की रात के बाद लखनऊ का AQI 224 से बढ़कर 323 तक पहुंच गया था, जो कि गंभीर श्रेणी में आता है। उसके बाद 22 अक्टूबर को यह 228 और 23 अक्टूबर को 247 दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी यह 239 पर बना हुआ है, जिससे साफ है कि राजधानी की हवा में प्रदूषण का स्तर अभी भी उच्च बना हुआ है। सुबह की हवा ज्यादा खतरनाक, एक्सपर्ट ने दी चेतावनी पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के वक्त वातावरण में धूल के कण और स्माग ज्यादा होते हैं, जिससे हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसे में अस्थमा और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। एक्सपर्ट्स ने सलाह दी है कि जब तक AQI में सुधार नहीं होता, तब तक लोग सुबह की सैर से परहेज करें। लगातार बढ़ते प्रदूषण को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। खुले में कूड़ा जलाना, निर्माण कार्य और वाहनों से उठने वाला धुआं हवा में जहर घोलने का सबसे बड़ा कारण बने हुए हैं। आम लोगों को फिलहाल सिर्फ सावधानी ही बचाव का रास्ता बताया जा रहा है। 3 दिन बारिश का अलर्ट, छठ पूजा से बढ़ेगी ठंड राजधानी लखनऊ में अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों में तीन दिन बारिश की संभावना जताई है। 27 और 28 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 30 अक्टूबर को भी बूंदाबांदी का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27 अक्टूबर को लखनऊ का तापमान करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाएगा। अगले दिन यानी 28 अक्टूबर को तापमान में दो डिग्री की और गिरावट आएगी। इन दो दिनों के दौरान हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी। 30 अक्टूबर को एक बार फिर बारिश की संभावना है, जिसके बाद लखनऊ में ठंड का असर महसूस होने लगेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि छठ पूजा के दिन से शहर में ठंडी हवाओं के चलते तापमान लगातार गिरने लगेगा और नवंबर की शुरुआत ठिठुरन भरे मौसम के साथ होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0