राजधानी लखनऊ में करवा चौथ का पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। रात में चंद्रमा के दर्शन के बाद विधिविधान से पूजा-अर्चना कर व्रत तोड़ा। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहने। उन्होंने चलनी में दीपक रखकर चंद्रमा को निहारा, अर्घ्य अर्पित किया और फिर जल ग्रहण कर अपना व्रत पूर्ण किया। पर्व के दौरान पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का वातावरण देखा गया। वीडियो कॉल पर अपने पति को देखकर व्रत पूर्ण किया गोमती नगर के विशाल खंड में संगीता चौहान, निधि, निशा, मंजू, शालिनी और सुशील शर्मा ने पारंपरिक ढंग से पूजन किया। विराम खंड की पूनम और उर्मिला ने भी चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण किया। संगीता चौहान ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से यह व्रत कर रही हैं और इस बार उन्होंने वीडियो कॉल पर अपने पति को देखकर व्रत खोला। पंतनगर की इवान कॉलोनी में किरण जोशी, गीता बिष्ट, चंद्रप्रभा, वंदना और कंचन ने भी परंपरा अनुसार पूजा की। नेहरू इन्क्लेव में नवयुग कन्या महाविद्यालय की प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय, जो 2003 से व्रत रख रही हैं, ने अपने पति हेमंत कुमार उपाध्याय के दर्शन कर व्रत खोला। प्रो. अंजुला मिश्रा ने भी अपने पति गौरव मिश्रा को देखकर व्रत पूर्ण किया। निधि शर्मा ने बताया कि वह दो वर्षों से यह व्रत रख रही हैं। उनके अनुसार, इस व्रत से उन्हें आत्मिक शांति मिलती है और वैवाहिक जीवन खुशहाल होता हैं।