लखीमपुर खीरी जेल में बंद 84 वर्षीय कैदी रामकिशोर की लखनऊ के केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। रामकिशोर मारपीट के एक मामले में 5 साल की सजा काट रहे थे। वे 3 जुलाई को जेल में आए थे। जेल अधीक्षक पीडी सलौनिया के अनुसार, रामकिशोर जेल में आने के बाद से ही दिल की बीमारी से परेशान थे। उनका जेल अस्पताल में इलाज चल रहा था। जेल में उनके साथ उनका पुत्र भी बंद था, जो उनकी देखभाल करता था। शुक्रवार शाम को रामकिशोर ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। उन्हें तुरंत साढ़े छह बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ केजीएमयू रेफर कर दिया। शनिवार सुबह पौने आठ बजे उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।