ललितपुर में शनिवार दोपहर तीन बजे आए तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। नेहरूनगर में पड़ोसी की दीवार गिरने से 23 वर्षीय अभिषेक यादव और 15 वर्षीय रक्षा घायल हुए। ग्राम खड़ेरा में आम के पेड़ की डाल गिरने से 7 वर्षीय अत्तू का सिर फट गया। ग्राम चकौरा में 40 वर्षीय सुरेश अहिरवार टपरा गिरने से घायल हुए। मड़ावरा के ग्राम लिधौरा में दीवार गिरने से 30 वर्षीय रामसखी को चोटें आईं। तूफान से कई पेड़ जड़ से उखड़ गए। घरों की चादरें उड़ गईं। बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। ग्राम पीड़ार में खेत की आग गांव तक पहुंच गई। हल्काई लोधी, गनेश लोधी, महादेव लोधी और लल्ली पाल के टपरों में लगी आग से भूसा और कंडे जल गए। थाना बार के ग्राम भलौनी लोध में संतोष लोधी के घर की छत से टीन शैड उड़ गए। स्टेशन रोड़ पर कॉफी हाऊस के पास पेड़ गिरने से सड़क जाम हो गई। डीएम आवास मार्ग, पुलिस लाइन और सदनशाह मार्ग पर पेड़ गिरने से विद्युत तार टूटे। एक पेड़ महिला थानाध्यक्ष के आवास पर गिरा। ग्राम झरकौन के मजरा हसरा और ग्राम खिरिया में भूसे में आग लगी। कस्बा बिरधा में विश्वकर्मा राधा मंदिर के पास पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। बारिश से अनाज और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा।