बदायूं में 15 दिन से लापता किशोर का शव मिलने के बाद शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि पुलिस 24 घंटे बीत जाने के बाद भी हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं कर रही थी। हंगामे के बाद आखिरकार पुलिस ने मृतक की सगी बहन, बहनोई और उनके परिवार के चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतक राजू (15 वर्ष), पुत्र नवल किशोर, मूल निवासी गांव धुपुरी दुगोई, थाना आंवला, बरेली। माता-पिता की मौत के बाद राजू शाहजहांपुर के परौर गांव में अपनी बड़ी बहन सोनी और बहनोई प्रवेश के पास रह रहा था। कुछ दिन पहले वह कादरचौक कस्बे में अपनी दूसरी बहन संगीता पत्नी सोनू के घर आया था। जिसके बाद राजू 28 अगस्त को लापता हो गया। 1 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज हुई। 12 सितंबर को राजू का शव कादरचौक कस्बे में पेड़ से लटका मिला। शव कंकाल की अवस्था में था। जिससे मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। विसरा और सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। परिजनों का हंगामा और केस दर्ज शव मिलने के बाद परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर हंगामा और हड़ताल शुरू कर दी। मृतक की सौतेली बहन पूजा पत्नी संजीव मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने शनिवार को राजू का अंतिम संस्कार कराया। इंस्पेक्टर क्राइम कादरचौक उरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि 15 दिन से लापता किशोर का पेड़ पर फंदे से लटकता शव मिला है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।