मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र के रैपुरिया गांव में बुधवार देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बल्लू साहनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मछली खाने और शराब पीने के दौरान बल्लू साहनी और उसके पड़ोसी गोपी साहनी के बीच कहासुनी हुई। जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। हमले में बल्लू साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गोपी साहनी को तुरंत हिरासत में ले लिया। एसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पड़ोसी थे। उनके बीच पहले कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। यह घटना अचानक हुई कहासुनी का परिणाम है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर रही है। घटनास्थल पर कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।