संभल में कैंटर-ई-रिक्शा में टक्कर, चालक की मौत:पांच महिलाओं सहित 7 घायल, कैंटर चालक फरार

Nov 8, 2025 - 22:00
 0
संभल में कैंटर-ई-रिक्शा में टक्कर, चालक की मौत:पांच महिलाओं सहित 7 घायल, कैंटर चालक फरार
संभल के थाना नखासा क्षेत्र में शनिवार रात करीब 7:30 बजे एक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। हिंदूपुरा खेड़ा पक्के बाग के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। मृतक चालक की पहचान रुस्तमपुर नियावली निवासी उमेश पुत्र जसपाल के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए लोगों में हनीफ पुत्र शराफत, उनकी पत्नी अमीर जहां, पुत्रवधू शबीना पत्नी जमील (निवासी चपतियो की मढैया, थाना हयातनगर), मेराज जहां पत्नी इरफान, उनकी पुत्री फिरदौस पुत्री शकील (निवासी नियावली, थाना नखासा) और काजल पत्नी रिशांत सिंह (निवासी गांव खग्गूपुरा, थाना नखासा) शामिल हैं। काजल की दो वर्षीय पुत्री निहारिका इस हादसे में बाल-बाल बच गई। ई-रिक्शा सवार लोग थाना रायसत्ती क्षेत्र के हिंदूपुरा खेड़े के चौराहे से रुस्तमपुर नियावली जा रहे थे। पक्के बाग के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना नखासा पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को संभल के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक उमेश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा में सवार सात लोग घायल हुए थे, जिनमें चालक की मौत हो गई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0