हरदोई में रविवार को कांवड़ यात्रा निकाली गई। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह यात्रा मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में राम जानकी मंदिर से शुरू हुई। यात्रा सिनेमा चौराहा और बिलग्राम चुंगी होते हुए मेहंदी घाट के लिए रवाना हुई। इस विशाल यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। यात्रा में 8 रथ और 8 ट्रॉली पर आकर्षक झांकियां सजाई गईं। इसके अलावा 100 मोटरसाइकिलें, 30 कारें, 8 डीसीएम, 5 पिकअप और 7 डीजे भी शामिल थे। श्रद्धालुओं के हाथों में तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण बना रहा। यात्रा में ऊंट और घोड़े पर सवार श्रद्धालु भी नजर आए। इन्होंने पूरे माहौल को धार्मिक रंग में रंग दिया। श्रद्धालु मेहंदीघाट से गंगाजल भरकर 4 अगस्त को राम जानकी मंदिर स्थित नीलकंठ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।यात्रा के दौरान धार्मिक गीतों और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत और जलपान की व्यवस्था की गई थी। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए कोतवाल संजय कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।