हाथरस पुलिस ने आलू के पैसे मांगने गए किसान पर फायरिंग करने के मामले में कोल्ड स्टोरेज संचालक को गिरफ्तार किया है। घटना 19 मई की है। छैलबिहारी नाम के किसान ने चंदपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। छैलबिहारी ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ मंशा देवी कोल्ड स्टोरेज पर पहले बेचे गए आलू के पैसे लेने गया था। इस दौरान कोल्ड स्टोरेज मालिक ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और फायरिंग कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए चंदपा थाना प्रभारी को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी ओमपाल सिंह उर्फ ओमप्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ओमपाल सिंह चंद्रपाल सिंह का बेटा है। वह मूल रूप से जिंद पट्टी बिसाना, थाना चंदपा का रहने वाला है। फिलहाल वह हाथरस की शिव कालोनी में भट्टा वाली गली में रहता है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।